रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को थाना प्रभारी नागेंद्र नागर ने ब्लॉक सभागार में ऑटो रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
बैठक में थाना प्रभारी ने ऑटो चालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी चालक मूरतगंज चौराहे पर वाहन खड़ा कर सवारियां नहीं बैठाएगा। सभी ऑटो निर्धारित स्टैंड पर ही खड़े किए जाएंगे। यदि कोई वाहन चौराहे पर खड़ा मिला तो संबंधित चालक के खिलाफ चालान की कार्यवाही की जाएगी।
थाना प्रभारी ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देने के साथ ही ऑटो रिक्शा पर रिफ्लेक्टर भी लगवाए।
उन्होंने सभी चालकों से अपने वाहनों में रिफ्लेक्टर लगवाने की अपील की, ताकि रात के समय सड़क पर वाहनों की दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
पुलिस की इस पहल से मूरतगंज चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलने और यातायात व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 Comments