न्यूज़ एजेन्सी

लखनऊ : मडियांव थाने की पुलिस वसूली के मामले में एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार घैला पुलिस चैकी के हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार का ट्रैक्टर-ट्रॉलीचालक से वसूली करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद खलबली मची है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने चैकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चैहान, हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। पूरे मामले में सीओ अलीगंज से रिपोर्ट लेकर कार्रवाई की गई। संबंधित प्रकरण की प्रारंभिक जांच एएसपी टीजी को सौंपी गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि थाने और चैकी में किसी भी प्रकार की अराजकता पाई गई तो इसके लिए संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा व लगन के साथ काम करने की अपील की है। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दो बीस-बीस के और एक दस का नोट निकालता है और घैला चैकी के पास पहले से खड़ा हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार नोट की ओर लपक पड़ता है। इसके बाद वह चला जाता है। इसी तरह अवैध धंधों में संलिप्त सभी वाहन चालकों से यहां दिनभर वसूली चलती थी। धंधे में चैकी प्रभारी की भी मिलीभगत थी, तभी उन्हें निलंबित किया गया। इंस्पेक्टर की भूमिका संदिग्ध है, इसलिए उन्हें लाइन हाजिर किया गया। संतोष कुमार सिंह से ठीक पहले तत्कालीन थाना प्रभारी मडियांव प्रदीप कुमार सिंह पर ट्रक चालक से वसूली के गंभीर आरोप लगे थे, जिसपर एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था, लेकिन बाद में उन्हें कृष्णानगर कोतवाली का प्रभारी बना दिया। एसएसपी ने गैर जनपद से आए विपिन कुमार सिंह को मडियांव थाने का प्रभारी बनाया है। मौजूदा में वह अपराध शाखा में तैनात थे।
0 Comments