Ticker

6/recent/ticker-posts

फरार आरोपियों की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट के आदेश पर घरों पर चस्पा हुआ नोटिस...

रिपोर्ट-नरेन्द्र सिंह 

प्रयागराज : जिले के थाना पूरामुफ्ती पुलिस द्वारा पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्यवाही की गई। पुलिस ने आरोपियों के घर तथा किराए के कमरे पर न्यायालय का नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई और लाउड हेलर के माध्यम से उन्हें फरार घोषित किए जाने की जानकारी ग्रामीणों को दी। पुलिस के अनुसार थाना पूरामुफ्ती में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 74/2026, धारा 137, 87, 333, 118(1), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 16/17 पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद अभियुक्त अशरफ पुत्र मजहर निवासी ग्राम अहमदपुर पावन, थाना पूरामुफ्ती तथा फजल पुत्र स्व. मकसूद, हाल निवासी मुंडेरा थाना धूमनगंज एवं मूल निवासी ग्राम भरेठी कमलापुर, थाना पिपरी जनपद कौशांबी, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्त अपनी चल एवं अचल संपत्तियों को अपने सहयोगियों के माध्यम से हटाने का प्रयास भी कर रहे हैं। पूर्व में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसके बाद माननीय न्यायालय से धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा आदेश प्राप्त होने पर पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही की।
इस दौरान गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों के घरों एवं किराए के कमरे पर नोटिस चस्पा किया गया, डुगडुगी पिटवाकर तथा लाउड हेलर के माध्यम से उन्हें फरार घोषित किए जाने की सूचना क्षेत्रवासियों को दी गई। पुलिस ने कहा कि यदि आरोपी निर्धारित अवधि में न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments