रिपोर्ट-नरेन्द्र सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज बारिश और हवाओं के बीच सड़क पर गिरे पेड़ की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 11:15 बजे केंद्रीय विद्यालय मनौरी के गेट के पास जीटी रोड पर हुई। पूरा मुक्ति निवासी दीपक कुमार (28) पुत्र स्वर्गीय करुणा शंकर बाइक संख्या UP70GY9054 से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर पड़ा और दीपक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पूरामुफ्ती पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीआरबी-112 की मदद से घायल दीपक को तत्काल भगवतपुर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई।
उधर, हादसे के बाद सड़क पर गिरे पेड़ के कारण यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से पेड़ को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। थानाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह के मुताबिक मौके पर कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं हुई और शांति व्यवस्था कायम रही। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
0 Comments