ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी घोषणाएं कीं। विकास भवन स्थित सरस हाल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। पीआरडी जवानों ने प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में 100 रुपए की वृद्धि की घोषणा की। अब जवानों को ₹500 के स्थान पर ₹600 प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से पीआरडी जवानों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जवान और अधिक उत्साह, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों की निष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और सेवाभाव को देखते हुए उनके कल्याण के लिए यह घोषणाएं की हैं। पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले जवानों को भत्ते में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक दिनकर विद्यार्थी, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अंशु मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और पीआरडी जवान मौजूद रहे।
0 Comments