Ticker

6/recent/ticker-posts

सैय्यद सरावां में गूंजा अमन-शांति का पैगाम, धूमधाम से मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : सैय्यद सरावां स्थित खानकाह-ए-अर्फिया में रविवार को शाह सफी मेमोरियल ट्रस्ट सैय्यद सरावां की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 18वीं मिलाद कांफ्रेंस का आयोजन ‘अमन व शांति का पैगाम इंसानियत के नाम’ विषय पर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जामिया अर्फिया के फाउंडर शैख अब्बू सईद शाह एहसानुल्लाह उर्फ अब्बू मियां ने की, जबकि संचालन दिल्ली से आए मोहम्मद अहमद ने किया। कार्यक्रम में सईदी ब्रदर्स ने तराना प्रस्तुत किया। इस दौरान इस्लामिक नारों और नात-ए-पैगम्बर से माहौल भक्तिमय बना रहा। वक्ता मौलाना जकी ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी इंसानियत को अमन, शांति, भाईचारे और इंसाफ का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं समाज से बुराइयों को दूर कर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं। मौलाना आरिफ इकबाल ने कहा कि पैगम्बर मोहम्मद साहब को रहमतुल्लिल आलमीन कहा गया है। उनकी शिक्षाओं में प्रेम, दया, इंसानियत और भाईचारे का संदेश निहित है।

मौलाना सैयद सादिक हुसैनी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल जश्न का अवसर नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी को पैगम्बर की शिक्षाओं के अनुरूप ढालने का दिन है। उन्होंने सच बोलने, अमानतदारी निभाने, पड़ोसियों का ख्याल रखने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया। डॉक्टर सईद अहमद ने कहा कि मौजूदा समय में पैगम्बर मोहम्मद साहब के जीवन, आदर्शों, करुणा, न्याय और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. राय और अधिवक्ता हाईकोर्ट राजवेंद्र सिंह ने कहा कि समाज में जब नफरत और चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे समय में ईद मिलादुन्नबी मोहब्बत, अमन और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि इंसानियत ही सबसे बड़ा मानव धर्म है।

इस मौके पर ब्रिगेडियर सैयद अहमद अली, पूर्व कुलपति एएमयू, वीरेंद्र नारायण शुक्ला लाला महराज, शाजिद सईदी, दिलीप केसरवानी, हिमायत हुसैन, ग्राम प्रधान असद हुसैन, चुन्नू लाल विश्वकर्मा, श्याम नारायण यादव गाजीपुर, अफसार अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments