Ticker

6/recent/ticker-posts

लड़की के साथ सामुहिक दुष्कर्म का आरोप, कार्यवाही की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में एक लड़की के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर गांव के कई युवकों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। थाना पूरामुफ्ती में दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार का आरोप है कि 14 जून 2026 की रात करीब 11 बजे गांव का एक युवक कथित रूप से घर में घुस आया और लड़की को जबरन अपने साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने लड़की के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया तथा देर रात उसे बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर फरार हो गये। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने युवती को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परिजनों के मुताबिक, युवती ने होश में आने के बाद अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। शिकायत में मुख्य आरोपी के साथ अन्य अज्ञात व्यक्तियों का भी उल्लेख किया गया है।

मामले की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता, बजरंग दल तथा विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पूरामुफ्ती थाने पहुंच गए। सभी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्यवाही की जानी चाहिए। थाने पर मौजूद लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा की भी मांग उठाई गई।

फिलहाल पुलिस द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments