ब्यूरो रिपोर्ट-जतन सिंह

महोबा : जनपद के नोडल अधिकारी मंडलायुक्त चित्रकूटधाम बांदा श्री गौरव दयाल ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत डीएम अवधेश कुमार तिवारी की उपस्थिति में विकासखण्ड कबरई में स्थापित गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने गौशाला को मॉडल के रूप में विकसित करने में डीएम द्वारा किये गए प्रयासों की सराहना की।इस दौरान डीएम ने बताया कि जनपद में इसको आदर्श गौशाला के रूप में बनाया जा रहा है,इसका क्षेत्रफल 2.64 हेक्टेयर है तथा इसमें कुल 300 तक गौवंश को आसानी से संरक्षित किया जा सकता है।ये भी बताया कि इसका निर्माण पूर्ण हो चुका है, जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा तथा जनपद में यत्र-तत्र घूम रहे गौवंश को टैग करने के उपरांत संरक्षित किया जाएगा।
आयुक्त ने सीवीओ को निर्देश दिया कि गौशाला संचालित करने से पूर्व उसमें व्यवस्थाओं जैसे चारा भूसे की उपलब्धता, पेयजल,शेड,इत्यादि को अनिवार्य रूप से पूरा करें।उन्होंने कहा प्रत्येक गौशाला में गौवंश को रजिस्टर्ड कर उन पर मिलने वाले धन का सदुपयोग करते हुए गौवंश का बेहतर रख-रखाव किया जाए।उन्होंने सम्बन्धित जिम्मेदार अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि इस पुनीत कार्य में सरकारी धन का दुरुपयोग एवं शासन के निर्देशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर वर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ये भी कहा कि जनपद में कोई भी गोवंश खुले में न रहे, सभी को शेड युक्त जगह में रखा जाए ताकि सर्दी का प्रभाव उन पर कम से कम हो।साथ ही कहा कि गौशालाओं के अंदर कोई भी गोवंश भूख एवं ठंड से नहीं मरना चाहिए,सम्बन्धित ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव इसके लिए जिम्मेदार होंगे।उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि गौशालाओं की नियमित साफ सफाई की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम एवं बीडीओ को यह निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली गौशालाओं में गौवंश के बेहतर रखरखाव के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने हेतु नियमित रूप से औचक निरीक्षण करें।उन्होंने सीवीओ डॉ0आर के सिंह को निर्देशित किया कि कोई भी गौवंश अन्ना नहीं घूमना चाहिए,जो भी गौवंश अभी बाहर भटक रहा है उसको पशु आश्रय स्थलों में संरक्षित करायें। इस अवसर पर मंडलायुक्त के साथ डीएम,एसपी,सीडीओ एवं डीडीओ आदि अधिकारियों ने गौशाला के परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
0 Comments