Ticker

6/recent/ticker-posts

मनौरी रेलवे स्टेशन के पीछे चल रहा जुए का अड्डा, महिलाओं से छींटाकशी का आरोप...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित एक नींबू की बाग में कथित रूप से लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुए का खेल संचालित होने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगाया जाता है और दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलने पहुंचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दिनभर बाग में लोगों की भीड़ लगी रहती है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। खेतों में काम करने आने-जाने वाली महिलाओं ने भी असामाजिक तत्वों द्वारा छींटाकशी किए जाने की शिकायत की है। इससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल बताया जा रहा है। नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया कि जुए के संचालन से प्रतिदिन लाखों रुपये की कथित "नाल" वसूली जाती है।

उसने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस के कुछ कर्मियों की मिलीभगत के कारण यह गतिविधि निर्बाध रूप से चल रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जुआ संचालित होने से चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जुए के इस कथित अड्डे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रह सके। इस संबंध में पूरामुफ्ती थाना पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। यदि पुलिस या संबंधित अधिकारियों का बयान प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस कथित अवैध गतिविधि पर अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र का माहौल और अधिक बिगड़ सकता है। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से प्रभावी कार्यवाही कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments