रिपोर्ट-प्रदीप कुमार
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र के पुराने बस स्टॉप स्थित वन विभाग कार्यालय के पास ट्रैफिक पुलिस पर वाहन चालक से अवैध वसूली का प्रयास करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर मौके पर मौजूद एक पत्रकार और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई। मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जनपद के खजुवा गांव निवासी डीसीएम (आयसर) चालक वीरेंद्र सिंह यादव नासिक से केला का बीज लेकर तिल्हापुर मोड़ की ओर जा रहे थे। चालक का आरोप है कि उनकी गाड़ी को पुराने बस स्टैंड एवं टेंपो स्टैंड के पास ट्रैफिक पुलिस ने रोक लिया और नो एंट्री का उल्लंघन बताकर कार्रवाई की बात कही। चालक का कहना है कि पहले वाहन को नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने दिया गया, लेकिन कुछ दूरी आगे ले जाकर उसे रोक लिया गया।
इसके बाद पुलिस कर्मियों ने कार्रवाई के नाम पर पैसे की मांग की। चालक ने आरोप लगाया कि पैसे न देने पर चालान करने की धमकी दी गई। चालक का यह भी दावा है कि उससे 25 हजार रुपये जुर्माने की बात कही गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे टीबी न्यूज़ के पत्रकार प्रदीप कुमार ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से पूरे मामले की जानकारी लेनी चाही। आरोप है कि सवाल पूछे जाने पर पुलिस कर्मी बहस करने लगे और मामले को लेकर काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि चालक द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला जांच का विषय है। वहीं यदि वाहन चालक ने वास्तव में नो एंट्री का उल्लंघन किया है तो नियमानुसार चालान की कार्यवाही की जानी चाहिए। फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
0 Comments