रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के नाईम मियां का पूरा के समीप सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात आयशर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मनौरी पावर हाउस निवासी बीरेंद्र कुमार पटेल पुत्र राम संजीवन किसी निजी कार्य से चायल बाजार गए थे। कार्य पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नाईम मियां का पूरा के पास मनौरी की ओर से चायल जा रही तेज रफ्तार अज्ञात आयशर डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बीरेंद्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चायल चौकी प्रभारी मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान कर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 Comments