Ticker

6/recent/ticker-posts

पुरानी रंजिश में चली गोली से दो घायल, एएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 


कौशाम्बी : जनपद के कनैली चौराहे के पास रविवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना में दो लोगों के गोली लगने से घायल होने की पुलिस ने पुष्टि की है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार करीब दस दिन पहले गंगा स्नान के दौरान गुलशन त्रिपाठी और गोलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी जेल चला गया था। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद रविवार रात फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई।

फायरिंग में सूरज पुत्र कल्लू सिंह (25) निवासी क्षेत्र के पैर में गोली लगी, जबकि गोलू पुत्र धर्मराज सिंह (32) के दाहिने हाथ में गोली लगने की बात सामने आई। वहीं अनुराग पुत्र तुलसी सिंह (20), निवासी चौखड़ा (मध्य प्रदेश), के भी घायल होने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल दो लोगों के घायल होने की ही आधिकारिक पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments