Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रेम विवाह की जिद में युवक टावर पर चढ़ा, पूरामुफ्ती में घंटों से हाईवोल्टेज ड्रामा जारी...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिजनों से नाराज 17 वर्षीय युवक बंद पड़े पुराने मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और परिजन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने-बुझाने में जुटे रहे। मिली जानकारी के अनुसार युवक की पहचान उदित (17 वर्ष), पुत्र भइया लाल, निवासी फुलवा, थाना एयरपोर्ट, कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवक एक युवती को लेकर घर से चला गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया, जबकि युवक को कोर्ट की जमानत पर छोड़ दिया गया था।

बताया जाता है कि युवक युवती से शादी करने की जिद पर अड़ा था। इसी बात को लेकर वह पूरामुफ्ती स्थित 16 मार्केट परिसर में लगे बंद पड़े पुराने टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
थानाध्यक्ष पूरामुफ्ती ने युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में पुलिस ने उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया।

युवक की मां बेला देवी ने बताया कि बेटे की हरकतों से परिवार पिछले तीन महीने से परेशान है और अब यह स्थिति पैदा हो गई है। घटना के दौरान पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी रहे। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments