Ticker

6/recent/ticker-posts

आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल, युवती की मांग में मिला सिंदूर...

रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा 

महोबा : चरखारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सबुआ के पास रविवार सुबह एक आम के पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे। आशंका जताई जा रही है कि अंतरजातीय विवाह में बाधा बनने के कारण दोनों ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सबुआ निवासी उपेंद्र विश्वकर्मा (25) पुत्र सुंदरलाल विश्वकर्मा तथा ज्येंद्रनगर निवासी आरती (18) पुत्री स्वर्गीय मातादीन कुशवाहा के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटनास्थल पर युवती की मांग में सिंदूर भी मिला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों ने कथित रूप से पहले मांग में सिंदूर भरने के बाद एक ही आम के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से आत्महत्या कर ली। मृतका की मां राजाबाई ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार शाम करीब पांच बजे घर में मोबाइल छोड़कर कहीं चली गई थी।

काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो रात करीब नौ बजे चरखारी कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना दी गई। रविवार सुबह करीब सात बजे सबुआ गांव के चरवाहों ने गुढ़ा नहर के किनारे आम के पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे, कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महोबा भेज दिया।

बताया गया कि मृतका के पिता मातादीन कुशवाहा का चार वर्ष पूर्व कैंसर से निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments