ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह

प्रयागराज : जनपद में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने माघ मेले के मुख्य स्नान पर्वों में से वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर प्रातः अरैल घाट से बोट द्वारा संगम में स्नान किया। मा0 मुख्यमंत्री जी के साथ ही गंगा यात्रा में शामिल मा0 जलशक्ति मंत्री श्री महेन्द्र सिंह, मा0 मंत्री श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मा0 मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी आदि सभी मा0 मंत्रियों ने भी संगम में आस्था व श्रद्धा के साथ स्नान किया।
स्नान के बाद मा0 मुख्यमंत्री जी ने सभी मंत्रीगण के साथ मां गंगा का पूजन व आरती की। तत्पश्चात मा0 मुख्यमंत्री जी ने गुब्बारे छोड़कर स्वच्छता का संदेश दिया। अपने देश में मनाये जाने वाले त्योहारों पर प्रचलित प्रथाओं का उत्साहवर्धन करते हुए मा0 मुख्यमंत्री ने पंचायतीराज विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पतंग भी उड़ायी तथा गंगा किनारे बनाये गये सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर समाज के सभी लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की भावना का प्रदर्शन किया।
आस्था, संस्कृति, परम्पराओं व सामाजिक कार्यकलापों के इस अद्भुत संगम में मा0 मुख्यमंत्री जी ने गंगा किनारे आयोजित सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए समाज के साथ चलने का संदेश दिया। इसके बाद सर्किट हाउस से गंगा यात्रा कौशाम्बी की ओर रवाना हुई, जिसमें मा0 उपमुख्यमंत्री श्री दिनेश शर्मा, मा0 जलशक्ति मंत्री श्री महेन्द्र सिंह, ग्राम विकास मंत्री श्री राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने गंगा रथ से गंगा जी के पुनरूद्धार का संदेश देते हुए यात्रा का आरम्भ किया। गंगा यात्रा के आरम्भ से ही सड़क के दोनों ओर उपस्थित जनसमूह ने गंगा रथ पर पुष्प वर्षा व माल्यार्पण कर गंगा जी के पतित पावनी स्वरूप को पुनः स्थापित करने का संकल्प लिया। गंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह पर गंगा जी के प्रति आस्था रखने वाले बच्चो, युवाओं व बुजुर्गों के समूहों ने यात्रा का स्वागत किया।
0 Comments