ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
चित्रकूट : जनपद चित्रकूट के थाना रैपुरा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 किलो अवैध गांजा के साथ एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लूट के एक मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय एवं क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी राम सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान चौकी प्रभारी वाल्मीकि आश्रम लालापुर उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अरवारा मोड़ के पास चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने शिवम पटेल उर्फ शिब्बू पुत्र चुनका उर्फ राम शरण निवासी ग्राम रैपुरा, थाना रैपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना रैपुरा का हिस्ट्रीशीटर है और लूट के एक मामले में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चित्रकूट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
0 Comments