रिपोर्ट-नरेन्द्र सिंह
प्रयागराज : धूमनगंज और पूरामुफ्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए पांच सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की छह जोड़ी बिछिया (सफेद धातु), 19 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को जयंतीपुर, सुलेमसराय निवासी योगेश कुमार वर्मा अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुलेमसराय स्थित पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाशों ने उनका बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना धूमनगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 21 जुलाई को नेहरू पार्क मैदान से वकास, दिलशाद, मोहम्मद अरमान, रिशू सोनी और सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट का सामान, 19 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। चेसिस नंबर के आधार पर जांच में एक बाइक प्रयागराज और दूसरी मध्य प्रदेश के रीवां में पंजीकृत मिली।
पूछताछ में वकास, दिलशाद और मोहम्मद अरमान ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी का कुछ हिस्सा थाना पूरामुफ्ती क्षेत्र में हुई एक चोरी के सामान को बेचने से मिला था। इस संबंध में थाना पूरामुफ्ती में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर धूमनगंज के मुकदमे में बीएनएस की धाराओं में संशोधन कर नई धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में वकास और दिलशाद के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय भेज दिया गया है।
यह कार्यवाही पुलिस आयुक्त प्रयागराज के निर्देशन में डीसीपी नगर, एडीसीपी नगर, एडीसीपी अपराध, एसीपी धूमनगंज के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय और प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह के नेतृत्व में धूमनगंज एवं पूरामुफ्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
0 Comments