Ticker

6/recent/ticker-posts

चर्चित ज्वैलर्स लूटकाण्ड का पुलिस ने किया खुलासा, अन्तर्जनपदीय लुटेरे गैंग का हुआ पर्दाफास, मुठभेड़ में तीन घायल बदमाश सहित सात अभियुक्त हुए गिरफ्तार..


ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह


प्रयागराज : जनपद में अपर पुलिस महानिदेशक श्री प्रेम प्रकाश और पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ शिवहरी मीना के कुशल निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जनपद में चलाये जा रहे अभियान के क्रम में जनपद की स्वाट टीम व थाना कोतवाली नगर पुलिस को पुलिस मुठभेड़ में चर्चित ज्वैलर्स लूट काण्ड के 7 अभियुक्तों तीन घायल अभियुक्त सहित को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहे, 6 मोटर साइकिल, क्रेटा कार, लूट के लगभग 900 ग्राम सोने के जेवरात कीमत लगभग 45-50 लाख रुपए नगदी बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई ।


जानकारी के लिए आपको बता दें कि दिनांक 7 जनवरी 2021 को सुबह लगभग 09ः25 बजे थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के श्याम बिहारी गली में सर्राफा व्यवसायी सुरेश कुमार सोनी पुत्र दूधनाथ सोनी निवासी श्याम बिहारी गली थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ़ की सर्राफा दुकान से तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा असलहे के बल पर लगभग 90 लाख रूपए की ज्वैलरी व नगदी लूट की गई थी, इस सम्बन्ध में वादी सुरेश कुमार सोनी उपरोक्त की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 21/2021 धारा 394, 504, 506 भादवि का अभियोग पंजीकृत किया गया था, अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन प्रयागराज प्रेम प्रकाश और पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र कवीन्द्र प्रताप सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के शीघ्र अनावरण समेत अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ बरामदगी हेतु प्रतापगढ़ पुलिस को कड़े निर्देश दिये गये थे, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ शिवहरी मीना द्वारा उक्त घटना के अनावरण हेतु अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेन्द्र प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में सात पुलिस टीमें गठित कर लगातार साक्ष्य संकलन, सम्भावित स्थानों पर दबिश, चेकिंग कराई जा रही थी, इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन प्रयागराज के निर्देशन में चेकिंग की जा रही थी, दिनांक 19/20 जनवरी 2021 की रात्रि में क्षेत्राधिकारी नगर अभय कुमार पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कमलेश कुमार मय हमराह व प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम मृत्युन्जय मिश्रा मय स्वाट टीम थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के घण्टाघर चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे कि मुखबिर खास से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के रामलीला मैदान में कई गाड़ियों के साथ मौजूद हैं जिनके पास अवैध असलहे भी हैं, जो किसी घटना को अंजाम देने वाले हैं ।


मुखबिर खास की सूचना पर उक्त पुलिस टीम तत्काल रामलीला मैदान में पहुंचकर वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबन्दी की गई। पुलिस टीम को देखकर उक्त संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुये भागने का प्रयास किया गया, बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में पुलिस टीम का एक आरक्षी कृष्ण कुमार घायल हो गया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम द्वारा भी जवाबी फायरिंग करते हुये मौके से 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 3 बदमाशों को गोली लगी, जिनको इलाज हेतु तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, मौके से एक अदद क्रेटा कार, अदद मोटर साइकिल, भारी मात्रा में सोने के जेवरात, नगदी व भारी मात्रा में अवैध असलहा, कारतूस बरामद किया गया, घटना में शामिल रहे अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी व माल बरामदगी का प्रयास जारी है ।

Post a Comment

0 Comments