रिपोर्ट-राकेश मिश्रा
कौशाम्बी : जनपद में थाना क्षेत्र के इच्छना गांव निवासी धीरेन्द्र कुमार (28) पुत्र श्री पाल की न्यू नवजीवन हॉस्पिटल बेनी राम कटरा में अपेंडिक्स ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। चार दिन पूर्व उन्हें पेट दर्द की शिकायत पर परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अपेंडिक्स का ऑपरेशन जरूरी बताया। परिजनों के सहमति देने के बाद डॉक्टरों ने अगले दिन ऑपरेशन किया। लेकिन ऑपरेशन के 24 घंटे के भीतर धीरेन्द्र की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई और इलाज में लापरवाही की गई, जिसके चलते शनिवार रात उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने रात में अस्पताल परिसर में हंगामा किया और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर हसन सिद्दीकी द्वारा मामले को दबाने के लिए पैसे का लालच भी दिया गया। घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर, अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
0 Comments