ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश राजेन्द्र उर्फ लकड़ू पुत्र मिठाईलाल निवासी बैश काटी थाना करारी जनपद कौशाम्बी को बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक लॉकेट मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, 750 रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त की रात दर्जी महुआ ककरहा फतेहपुरघाट रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश राजेन्द्र उर्फ लकड़ू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी था। आरोपी के खिलाफ थाना पूरामुफ्ती पर मुकदमा संख्या 155/25 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया है।
क्या है पूरी घटना की कहानी...
बीते 3 अगस्त को पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने घरवालों के जाग जाने पर ईंट-पत्थर और हवाई फायरिंग की थी। इसी मामले में मुकदमा संख्या 142/25 धारा 331(4)/305/288/115(2)/62 बीएनएस दर्ज किया गया था। पुलिस को राजेन्द्र उर्फ लकड़ू की संलिप्तता की जानकारी मिली थी। राजेन्द्र उर्फ लकड़ू के खिलाफ कौशाम्बी और प्रयागराज जनपदों में लूट, चोरी, मारपीट और गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगवार, बलात्कार, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी शामिल हैं।
शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम...
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित 13 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इनमें वरिष्ठ उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक वरुण कांत प्रताप सिंह, अंकित सांगवान, विशाल विश्वकर्मा, विश्वास, राहुल चौधरी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, अशोक उपाध्याय और कांस्टेबल अनुज कुमार, कृष्णा गिरी, संजीत कुमार व चालक मायापति सिंह शामिल हैं।
0 Comments