Ticker

6/recent/ticker-posts

कम्युनिटी हॉल में कन्याओं का हुआ सामूहिक विवाह, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को जनपद महोबा के कम्युनिटी हॉल में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 64 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सरकार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कन्याओं के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र कन्याओं के विवाह के लिए कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये की धनराशि, 21 हजार रुपये की सामग्री तथा 15 हजार रुपये भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बालिकाओं के जन्म और शिक्षा के विभिन्न चरणों में भी आर्थिक सहायता दी जा रही है।


उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस तथा निशुल्क राशन वितरण जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल रहा है। समारोह में उपनिदेशक कृषि, डीसी एनआरएलएम अशोक कुमार, जिला विकास अधिकारी पंकज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments