Ticker

6/recent/ticker-posts

गांव में खुलेआम घूम रहे हत्या के आरोपी, पीड़ित परिवार पर बना रहे समझौते का दबाव...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में थाना चरवा क्षेत्र के रतगहां शेखपुर रसूलपुर गांव में युवक की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पीड़ित राकेश कुमार, जो मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, ने बताया कि उसके पुत्र अंकुल (उम्र 18 वर्ष) की गांव के ही कुछ लोगों ने रंजिशन 19 अगस्त की शाम लगभग 7:30 बजे बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलने पर वह मुंबई से तत्काल घर लौटे और अंतिम संस्कार किया। मृतक की दादी द्वारा दी गई तहरीर पर थाना चरवा में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। एफआईआर संख्या 175/2025 धारा 103(1), 3(5), 61(2) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त मूलचन्द्र पुत्र बाबादीन, सुमन पुत्र जग्गनाथ, कमला देवी पत्नी जग्गनाथ व सविता देवी पत्नी विजय के खिलाफ केस दर्ज हुआ। लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक किसी भी अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। 

आरोप है कि अभियुक्तगण खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहे हैं कि मुकदमे में समझौता कर लें। राकेश कुमार का कहना है कि उसके पुत्र अंकुल का प्रेम-प्रसंग सुमन के घर की बेटी रोशनी उर्फ खुशबू से था और दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली थी। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई। अब आरोपी पक्ष लगातार धमकी दे रहा है कि अगर सुलह नहीं किया तो पीड़ित परिवार को झूठे मुकदमों में फँसा देंगे और जान से मार देंगे। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे भयभीत हैं और न्याय की उम्मीद में प्रशासन और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments