रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने शुक्रवार को प्रान्तीय खण्ड, लोक निर्माण विभाग महोबा द्वारा कराए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता, सहायक अभियन्ता एवं अवर अभियन्ता उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सबसे पहले महोबा-लौड़ी अन्य जिला मार्ग (महोबा-खजुराहो मार्ग) पर गेट निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था के कार्य की प्रगति जानी। इस कार्य की लागत 154.19 लाख रुपए है, जो वर्तमान में प्रगति पर है। अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि यह कार्य 31 जनवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कबरई-पहरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यह मार्ग 9.300 किलोमीटर लंबा है, जिसकी लागत 1820.92 लाख रुपए निर्धारित की गई है। कार्य पूर्ण करने की तिथि 3 अप्रैल 2026 तय की गई है। अब तक लगभग 6 किलोमीटर तक बिटुमिनस (डीबीएम) का कार्य संपन्न हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि मार्ग पर पोल शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है तथा मार्ग के किलोमीटर 11 पर इंटर स्टेट गेट का निर्माण भी प्रस्तावित है। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की गति बढ़ाई जाए और इन्हें निर्धारित समय से पूर्व गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
0 Comments