रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा
महोबा : जनपद में रेलवे विभाग की मनमानी और कथित भ्रष्टाचार एक बार फिर सुर्खियों में है। गुरुवार की रात महोबा रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया। यात्रियों के अनुसार, रेलवे कर्मचारियों द्वारा टिकट वितरण में भारी अनियमितताएँ की जा रही हैं, जिसकी वजह से दूर-दराज़ से आने वाले यात्री घंटों इंतजार करने के बाद भी टिकट से वंचित रह जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, एक यात्री बीती रात लगभग 2:00 बजे से तत्काल टिकट के लिए स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर बैठा इंतजार कर रहा था। लगातार कई घंटे इंतजार करने के बावजूद सुबह उसे टिकट नहीं मिला। आरोप है कि लाइन में सबसे आगे होने के बावजूद कर्मचारियों ने जानबूझकर उसका नंबर पीछे कर दिया और जो व्यक्ति बाद में आया, उसे प्राथमिकता देते हुए टिकट दे दिया गया। वहीं मौजूद अन्य यात्रियों ने भी बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि लंबे समय से तत्काल टिकट में गड़बड़ी और मनमानी जारी है। उनका कहना है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की प्रक्रिया को दरकिनार कर मनमाफिक लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। इस वजह से आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब टिकट न मिलने से नाराज़ यात्री और स्टेशन पर मौजूद पत्रकारों के साथ रेलवे कर्मचारियों ने कथित रूप से दुर्व्यवहार किया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अनियमितता पर सवाल उठाए, तो कर्मचारियों ने उल्टा अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और यात्रियों को पारदर्शी व्यवस्था मिल सके। मामला फिलहाल यात्रियों में आक्रोश का विषय बना हुआ है तथा लोग उचित समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
0 Comments