Ticker

6/recent/ticker-posts

अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन सम्पन्न, महाकालेश्वर मंदिर में चढ़ाया कलश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद में 7 दिसंबर को अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन के सातवें दिन शनिवार को किन्नर समाज द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह रतना पैलेस से प्रारम्भ हुई यह शोभायात्रा पूरे कस्बे में भ्रमण करती हुई महाकालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां देश भर से आए किन्नर गुरुओं तथा मुख्य आयोजक हाजी जीनत रमेश ने कलश चढ़ाकर चरखारी व देश की खुशहाली की प्रार्थना की। शोभायात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों किन्नर रंग-बिरंगी व आकर्षक वेषभूषा में शामिल हुए। सोने-चांदी के आभूषणों से सजे किन्नरों के डांस को देखने के लिए सड़कें लोगों से खचाखच भरी रहीं। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किन्नरों का स्वागत किया, जिससे पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। गौरतलब है कि अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन का आयोजन 1 दिसंबर से स्थानीय रतना पैलेस में किया जा रहा है। सम्मेलन के तीसरे दिन सोने की तराजू पर खिचड़ी तुलाई की परंपरागत रस्म निभाई गई थी। सातवें दिन विशाल कलश यात्रा सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रही।

ग्वालियर से आई किन्नर गुरू राखी मां ने कहा कि किन्नर समाज सर्वधर्म सद्भाव का संदेश देता है और किसी भी प्रकार के धार्मिक मतभेद को महत्व नहीं देता। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कस्बे और देश की प्रगति, शांति और खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना भी है। मुख्य आयोजक हाजी जीनत ने कहा कि इस भव्य आयोजन की सफलता में स्थानीय नागरिकों का सहयोग और स्नेह सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि किन्नर समाज की दुआ हमेशा नगर की तरक्की और देश में अमन-चैन के लिए होती है।

तीन घंटे तक चली शोभायात्रा डयोढ़ी गेट, झंडा बाजार, मंडी तिराहा होते हुए पुनः रतना पैलेस पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान दर्जनों डीजे, भांगड़ा टीमों और बैंड बाजों की गूंज से पूरा कस्बा झूम उठा। इस विशाल आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। एएसएचओ प्रवीण कुमार सिंह स्वयं सुरक्षा प्रबंधन संभालते नजर आए तथा पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।

Post a Comment

0 Comments