रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गिरसा गांव निवासी 20 वर्षीय शिव कुमार का शव गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक शिव कुमार हरियाणा में रहकर काम करता था और घर लौट रहा था। रात में उसने फोन पर परिवार से बात कर सुबह तक घर पहुंचने की जानकारी दी थी। लेकिन सुबह गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार स्तब्ध रह गया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि शिव कुमार की हत्या करने के बाद उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि घटना को रेल दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है। घटना की सूचना पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
0 Comments