Ticker

6/recent/ticker-posts

रोड निर्माण सामग्री चुराने वाले चोर गिरफ्तार, मेटल बीम समेत नकदी बरामद...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में संदीपनघाट थाना पुलिस ने रोड निर्माण में प्रयुक्त मेटल बीम, नकदी और वाहन बरामद किया है। राम वनगमन मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य की कंस्ट्र5क्शन कंपनी के कर्मचारी कौशिक पुत्र रणवीर सिंह निवासी सरकोरिया, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ ने 28 नवंबर 2025 को थाना संदीपनघाट में तहरीर दी थी कि सड़क किनारे लगे मेटल बीम व अन्य स्पेशल पार्ट अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। इस पर थाना संदीपनघाट में मुकदमा संख्या 270/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही थी। इसी क्रम में छितापुर-बसेढ़ी मार्ग स्थित राम वनगमन मार्ग के अंडरपास के नीचे चेकिंग के दौरान एक चार पहिया वाहन को रोका गया। चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। वाहन में सवार दो अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम प्रदीप पुत्र सुरेश चन्द्र, विकास उर्फ अन्नू पुत्र पुत्तन और सुचेन्द्र पुत्र स्व. शिवपाल सिंह, सभी निवासी थाना रसूलाबाद, जनपद कानपुर देहात बताए। वाहन की तलाशी लेने पर 13 स्पेशल पार्ट (लोहे के एंगल), 160 नट-बोल्ट, एक रिंच और दो पाना बरामद हुए। वहीं अभियुक्तों की जामा तलाशी से 14,070 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी मिले। गहन पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मूरतगंज क्षेत्र में बन रहे हाईवे के किनारे लगे लोहे के एंगल और चद्दर चोरी कर बेचने की योजना बनाई गई थी। पहली बार 26/27 नवंबर 2025 की रात लगभग 25 कुंतल लोहे की चोरी कर 60 हजार रुपये में बेचा गया।

दूसरी बार 4 दिसंबर 2025 की रात करीब 22 कुंतल लोहे की चोरी कर 52 हजार रुपये में बिक्री की गई। चोरी से मिले पैसों से वाहन की किस्तें जमा की गईं और शेष राशि आपस में बांट ली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी तीसरी बार चोरी के इरादे से आए थे, लेकिन अधिक चहल-पहल के कारण छिपाकर रखे गए माल को ले जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। विधिक कार्रवाई के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेजा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments