Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार बालू वाहन बना काल, बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल से दवा लेकर घर लौट रहे दोनों लोगों को तेज रफ्तार बालू लदे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोखराज थाना क्षेत्र के बिदनपुर गांव के मजरा साईं का पुरवा खारा गांव निवासी अरविंद कुमार (26) पुत्र बुधराम (50) मंगलवार को अपने पिता को इलाज के लिए भरवारी कस्बे के एक अस्पताल लेकर गए थे। इलाज के बाद दोनों शाम करीब 5 बजे बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे रसूलपुर गिरसा चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर दौड़ पड़े और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना पाकर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिता-पुत्र की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गए। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बालू वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments