Ticker

6/recent/ticker-posts

अदालत की रोक के बावजूद निर्माण, दो पक्षों में जमकर चले ईट पत्थर...

रिपोर्ट-देवेन्द्र कुमार 


कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ पर अदालत के स्थगन आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण कराए जाने को लेकर मंगलवार को जमकर बवाल हो गया। जमीनी विवाद में उलझे चुन्नन ख़ां और अंजनी यादव पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद ईंट-पत्थर चले और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जबकि पास स्थित एक दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, तिल्हापुर मोड़ स्थित जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मामला अदालत में विचाराधीन है और न्यायालय ने उक्त भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक लगा रखी है। आरोप है कि अदालत के आदेश की अवहेलना करते हुए अंजनी यादव मंगलवार को दर्जनों मजदूरों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे और पिलर भरवाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। निर्माण की सूचना मिलते ही चुन्नन ख़ां पक्ष मौके पर पहुंचा और कार्य रुकवाने का प्रयास किया।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। ईंट-पत्थर चलने से पास में स्थित राहुल अग्रहरि की दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, पथराव में दो लोगों को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्र में फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जमीन पर अदालत का स्पष्ट स्थगन आदेश है, तो उसके बावजूद निर्माण किसके संरक्षण में कराया जा रहा था, यह गंभीर जांच का विषय है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

0 Comments