Ticker

6/recent/ticker-posts

सोनू कश्यप हत्याकांड : पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात, दोषियों पर सख्त कार्यवाही का आश्वासन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


लखनऊ : ज्वालागढ़ क्षेत्र में हुए बहुचर्चित सोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नरेन्द्र कश्यप के साथ मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास, कालिदास मार्ग, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार के सदस्य—मृतक की बहन आरती कश्यप, दीपांशी कश्यप, इन्द्रपाल कश्यप, नरेश कश्यप, रामकुमार कश्यप सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। परिवार ने मुख्यमंत्री को हत्याकांड की पूरी जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की। मृतक की बहन आरती कश्यप ने मुख्यमंत्री के समक्ष परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति और आजीविका संकट का उल्लेख करते हुए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग रखी। इस दौरान मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि इस मामले में थाना सरधना में एफआईआर संख्या 0009/2026 धारा 103(1) व 238 भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के तहत दर्ज की गई है। पीड़ित परिवार द्वारा विवेचना पर अविश्वास जताए जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने जांच अधिकारी बदलते हुए मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।

ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिजनों से संवेदनशीलता के साथ मुलाकात करते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा और न्याय हर हाल में मिलेगा। उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि मंत्री नरेन्द्र कश्यप घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए और निजी स्तर पर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की, जिससे परिवार को तत्काल राहत मिल सके। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पीड़ित परिवार संतुष्ट नजर आया। मृतक की बहन आरती कश्यप ने आंदोलन कर रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्हें न्याय का पूरा विश्वास हो गया है।

इसलिए अब किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या आंदोलन न किए जाएं, जिससे आम जनता को परेशानी न हो। इस मौके पर एडवोकेट रामकुमार कश्यप राष्ट्रीय महासचिव, कश्यप-निषाद संगठन, नरेश कश्यप सामाजिक कार्यकर्ता और एडवोकेट इन्द्रपाल कश्यप सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments