ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : माघ मेला-2026 जैसे पवित्र, धार्मिक एवं राष्ट्रीय महत्व के आयोजन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से AI-जनरेटेड भ्रामक वीडियो एवं पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले एक अभियुक्त को साइबर क्राइम थाना कमिश्नरेट प्रयागराज की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर/नोडल साइबर क्राइम के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान फेसबुक प्रोफाइल दीपक मुकेश तिवारी के माध्यम से माघ मेला-2026 को लेकर तथ्यविहीन, भ्रामक एवं नकारात्मक AI-जनरेटेड कंटेंट प्रसारित किए जाने की सूचना मिली। जांच में पाया गया कि उक्त पोस्ट के माध्यम से साधु-संतों एवं पुलिस की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ समाज में आक्रोश, भय एवं वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल आशंका थी। इस संबंध में साइबर क्राइम थाना कमिश्नरेट प्रयागराज पर मु0अ0सं0-10/2026 धारा 196/196(1)(B) भारतीय न्याय संहिता एवं 66D आईटी एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने दिनांक 22 जनवरी 2026 को थाना मेजा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनपुर स्थित नंद किशोर इंटर कॉलेज के पास से अभियुक्त दीपक कुमार तिवारी उर्फ मुकेश कुमार तिवारी उम्र लगभग 39 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसे तकनीकी जांच हेतु भेजा गया है। पुलिस ने आमजनमानस से अपील की है कि माघ मेला-2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की अपुष्ट, भ्रामक या पुरानी वीडियो/सूचना सोशल मीडिया पर साझा न करें। जानबूझकर भ्रामक कंटेंट फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। साइबर क्राइम पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि माघ मेला-2026 को लेकर साइबर स्पेस पर निरंतर निगरानी जारी है और किसी भी साइबर अपराध पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की लोगों से अपील...
साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सुरक्षा है।
0 Comments