ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : माघ मेले में मंगलवार को आस्था का एक अद्भुत और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जब सीहोर से आए प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्र की शिवमहापुराण कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं का जनसमुद्र उमड़ पड़ा। कथा स्थल से लेकर आसपास के पूरे इलाके में हर हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और पूरा मेला क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर हो गया। सतुआ बाबा शिविर, खाक चौक और महावीर मार्ग तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ फैल गई। कथा प्रारंभ होने से कई घंटे पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। जैसे ही पंडित प्रदीप मिश्र मंच पर पहुंचे, पूरा पंडाल हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा। भीड़ का दबाव इतना अधिक रहा कि प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था के तहत कथा स्थल की ओर जाने वाले कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। जगह न मिलने के कारण हजारों श्रद्धालु सड़कों, खुले मैदानों और आसपास के स्थानों पर बैठकर कथा सुनते नजर आए।
ड्रोन कैमरों से सामने आए दृश्य इस बात की गवाही दे रहे थे कि श्रद्धा और भक्ति के इस महासंगम में लाखों की संख्या में लोग जुटे। माघ मेले में आयोजित यह शिवमहापुराण कथा आज के प्रमुख आकर्षणों में से एक रही, जिसने पूरे मेले को शिवमय बना दिया।
0 Comments