ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : जनपद के ग्राम अहमदपुर पवन में तालाब में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत की अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना के बाद गुरुवार को शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह पुनः गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारी के साथ शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने हादसे में प्रभावित तीनों परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृतक बच्चों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, अंत्योदय कार्ड तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गांव में मूलभूत सुविधाओं के तहत पीड़ित परिवारों के घर तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की कार्यवाही शीघ्र कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। गौरतलब है कि बीते दिनों गांव के बाहर स्थित एक तालाब में नहाते समय चार मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई थी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी। प्रशासन की ओर से मामले की जांच एवं राहत कार्य जारी है।
0 Comments