Ticker

6/recent/ticker-posts

सीएमओ ने आशा बहू से किया अमर्यादित व्यवहार, फटकारते हुए वीडियो हुआ वायरल...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में महिला सशक्तिकरण और सम्मान के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान उस समय सवालों के घेरे में आ गया, जब मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) संजय कुमार का एक कथित अमर्यादित व्यवहार से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में सीएमओ एक आशा बहू को सार्वजनिक रूप से फटकारते हुए “भागो यहां से” कहते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला मूरतगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का है, जहां किसी बात को लेकर सीएमओ और आशा बहू के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान सीएमओ का लहजा अचानक तल्ख हो गया, जिसका वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। आशा कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि आशा बहुएं ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अपमानजनक है, बल्कि महिला सम्मान की मूल भावना के भी विपरीत है। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना की निंदा की है। उनका कहना है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी ही महिलाओं के साथ असंवेदनशील व्यवहार करेंगे, तो मिशन शक्ति जैसे अभियानों की सार्थकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सूत्रों की मानें तो मामले की आंतरिक जांच कराए जाने की चर्चा है। अब देखना यह होगा कि इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारी पर क्या कार्रवाई होती है या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाता है।

Post a Comment

0 Comments