Ticker

6/recent/ticker-posts

मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान संपन्न, बूथों पर पढ़कर सुनाई गई नामावलियां...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दिनांक 06 जनवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया गया था। आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रथम विशेष अभियान दिवस रविवार, 18 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक जनपद महोबा की विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 230-महोबा एवं 231-चरखारी के समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सभी बूथों पर बीएलओ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई गई।‌ जिला निर्वाचन अधिकारी महोदया के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी, महोबा ने 230-महोबा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। मतदेय स्थल संख्या 98 से 104 मुकुंद लाल तिवारी इंटर कॉलेज, महोबा के 07 बीएलओ द्वारा मतदाताओं से 64 फार्म-6 एवं 08 फार्म-8 प्राप्त किए गए। वहीं मतदेय स्थल संख्या 108 से 114 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महोबा के 07 बीएलओ द्वारा 60 फार्म-6 तथा 24 फार्म-8 प्राप्त किए गए। इस दौरान बीएलओ को कोटेदारों, लेखपालों एवं ग्राम प्रधानों के सहयोग से अधिक से अधिक फार्म प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में जिलाधिकारी महोदया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), महोबा ने 231-चरखारी विधानसभा क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण किया। मतदेय स्थल संख्या 398 से 401 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चरखारी में 58 फार्म-6, मतदेय स्थल 402 से 405 प्राथमिक विद्यालय जयेंद्र नगर, चरखारी में 27 फार्म-6 एवं 13 फार्म-8, जबकि मतदेय स्थल 430 से 436 पूर्व माध्यमिक विद्यालय सूपा में 128 फार्म-6 प्राप्त किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी, महोबा ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनके लिए फार्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि नए मतदाताओं का नाम जोड़ा जा सके। वहीं नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में अपने संबंधित मतदान स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच अवश्य कर लें तथा आवश्यकता होने पर फार्म भरकर समय रहते सुधार सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0 Comments