रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में चार पहिया वाहन से भैंस-गाय चोरी करने वाला गिरोह अब चोरी की नई वारदातों को अंजाम देने लगा है। बीती रात संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मलाक मोहिद्दीनपुर गांव में बदमाशों ने घर के बाहर पाले गए कबूतरों पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर तमंचा लहराते हुए फायरिंग कर प्रयागराज की ओर फरार हो गए। मलाक मोहिद्दीनपुर निवासी वकील अहमद पुत्र वसी अहमद ने बताया कि उन्होंने अपने घर के पास लगभग 35 कबूतर पाल रखे थे। आधी रात के करीब चार पहिया वाहन से कुछ अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और 25 कबूतर उठा ले गए। इसके साथ ही पास में रखी पान की गुमटी का ताला तोड़कर लगभग एक हजार रुपये नगद और पान का सामान भी चोरी कर लिया।
घटना के दौरान आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए और बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए फायरिंग कर दी, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इसके बाद आरोपी प्रयागराज की ओर भाग निकले। पीड़ित द्वारा मामले की सूचना संदीपन घाट थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा गिरोह के जल्द खुलासे की मांग की है।
0 Comments