रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद महोबा की तहसील चरखारी में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह तथा उपजिलाधिकारी चरखारी धीरेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। तहसील चरखारी में कुल 66 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी प्रकार तहसील महोबा में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे की उपस्थिति में 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का निस्तारण तत्काल किया गया। तहसील कुलपहाड़ में उपजिलाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 42 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इस प्रकार जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 148 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 9 का तत्काल समाधान किया गया।
शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से संवाद अवश्य किया जाए और यदि वह संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों पर मुख्यमंत्री कार्यालय से फीडबैक लिया जाता है, इसलिए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की फर्जीवाड़ा या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम भ्रमण के दौरान दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचित करें, उनकी समस्याएं सुनें और छोटी शिकायतों का मौके पर ही समाधान करें। गंभीर मामलों की सूचना तत्काल उपजिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और प्रशासन द्वारा त्वरित सुनवाई किए जाने से लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
0 Comments