Ticker

6/recent/ticker-posts

रिश्वत लेते राजस्व लेखपाल गिरफ्तार, विजिलेंस टीम की कार्यवाही से मचा हड़कंप...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल की गिरफ्तारी से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंझनपुर तहसील क्षेत्र के थाना पश्चिम शरीरा अंतर्गत चम्पहा बाजार में तैनात लेखपाल महेंद्र मौर्य पर एक फरियादी से उसकी समस्या के समाधान के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। फरियादी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। सोमवार को टीम चम्पहा बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान के पास पहुंची, जहां लेखपाल ने फरियादी को घूस की रकम देने के लिए बुलाया था। जैसे ही लेखपाल ने दुकान पर बैठकर 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीम की गाड़ी पर ‘सीओ’ लिखा हुआ था और कार्रवाई बेहद तेजी से की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी लेखपाल के खिलाफ पहले भी अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही थीं। गिरफ्तारी के दौरान लेखपाल गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन टीम ने किसी प्रकार की रियायत नहीं दी और उसे अपने साथ ले गई। मौके पर लेखपाल की मोटरसाइकिल (नंबर: UP 73 AF 5006) खड़ी मिली। बताया गया कि उसकी चाबी मिठाई दुकान के मालिक को सौंप दी गई है और वाहन को थाने भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक मौके की तस्वीरें और मोटरसाइकिल को साक्ष्य के रूप में लिया गया है। घटना की खबर बाजार में फैलते ही हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। जांच के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments