Ticker

6/recent/ticker-posts

होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्यवाही, मूरतगंज में 373 लीटर सरसों का तेल सीज...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : जनपद में होली पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध सरसों का तेल, दूध, खोया, मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं 373 लीटर सरसों का तेल मौके पर ही सीज कर दिया गया। किराना स्टोर से 373 लीटर तेल सीज, बाजार में मचा हड़कंप होली विशेष अभियान के तहत टीम ने मूरतगंज स्थित दिलीप किराना स्टोर पर छापा मारकर सरसों के तेल का नमूना लिया। प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर कुल 373 लीटर सरसों का तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 52,220 रुपये बताई गई है, सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

मिठाई और डेयरी उत्पादों पर जांच का घेरा...

टीम ने मंगल स्वीट्स से मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया। वहीं तहसील मंझनपुर क्षेत्र के बारा स्थित राहुल डेयरी और परमानंद पांडे की डेयरी से मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त बैगवा बाजार स्थित केसरवानी स्वीट्स से खोया, सोनू किराना स्टोर और अमीना गोरजू से बेसन, पूरब शरीरा से कचरी तथा झारखंडी डेयरी फार्म से क्रीम के नमूने जांच के लिए भेजे गए। अधिकारियों के अनुसार इस चरण में कुल 12 नमूने संग्रहित किए गए हैं। होली विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद में कुल 14 नमूने प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं।

संयुक्त टीम ने की कार्यवाही...

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार, डॉ. भरत कुमार मिश्रा और अरविंद कुमार सिंह की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम का सख्त संदेश...

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

होली तक जारी रहेगा अभियान...

खाद्य सुरक्षा विभाग का यह विशेष अभियान होली तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि बाजार में शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और मिलावटखोरों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Post a Comment

0 Comments