रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने तहसील चायल में पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम चायल अरुण कुमार एवं क्षेत्राधिकारी चायल अभिषेक सिंह भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान होना चाहिए और कोई भी प्रकरण लंबित न रहने पाए।
इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर पात्र लाभार्थियों का ऑनलाइन आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील चायल में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। तहसील मंझनपुर में 16 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण तत्काल किया गया।
वहीं तहसील सिराथू में 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 का मौके पर समाधान किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
0 Comments