Ticker

6/recent/ticker-posts

बारा थानेदार 75 हजार की घूस लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्यवाही...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : जनपद में एंटी करप्शन ब्यूरो एसीबी की टीम ने बुधवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए बारा थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर को 75 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी थाने के भीतर की गई, जिसके बाद उन्हें थाना घूरपुर ले जाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, भदोही निवासी संतोष कुमार ने शिकायत की थी कि उसके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा 75 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया। निरीक्षक मृत्युंजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी इंस्पेक्टर को घूस की रकम लेते हुए धर दबोचा। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर वर्ष 2012 बैच के अधिकारी हैं और वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

प्रदेश में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही तेज हुई है। इससे पहले गाजियाबाद में निवाड़ी थाना प्रभारी को भी घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। एंटी करप्शन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करे तो तत्काल इसकी सूचना संबंधित प्राधिकरण को दें, ताकि सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

0 Comments