ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में थाना सराय अकिल क्षेत्र में शादी के दिन एक युवती द्वारा जहर खाकर आत्महत्या किए जाने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। जिस घर में आज बेटी की बारात आने वाली थी, उसी घर से उसकी अर्थी उठने से पूरे इलाके में मातम पसर गया। मिली जानकारी के अनुसार युवती की शादी 10 फरवरी को तय थी। परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले दूल्हा पक्ष द्वारा कार, सोने की चेन और तीन लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे ने युवती पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया। इस घटनाक्रम से आहत होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन गंभीर हालत में युवती को इलाज के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सराय अकिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री राजेश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर दहेज जैसी कुप्रथा को उजागर कर दिया है, जिसमें लालच की भेंट चढ़कर एक युवती को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
0 Comments