ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में तीन नाबालिग बहनों द्वारा कथित रूप से बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या करने का मामला समय के साथ और भी उलझता जा रहा है। 12, 14 और 16 वर्षीय बहनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इतनी कम उम्र में इस तरह का भयावह कदम उठाने की वजह को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार तीनों बहनों की मोबाइल फोन की लत से परेशान था। बताया जा रहा है कि पिता ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया था, जिससे वे काफी आहत थीं। इसी बात से दुखी होकर तीनों ने एक साथ बिल्डिंग से छलांग लगा ली। हालांकि, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
पिता के अतीत पर उठ रहे सवाल...
मृतक बहनों के नाना ने चौंकाने वाला दावा किया है। उनके अनुसार, करीब 6-7 साल पहले उनकी एक अन्य बेटी की भी दामाद के घर की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पुराने मामले की भी पड़ताल करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक बच्चियों के पिता चेतन की तीन शादियां हो चुकी थीं। परिवार में दो मां और कुल पांच भाई-बहन होने से पारिवारिक स्थिति पहले से ही जटिल बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या घरेलू कलह या किसी तरह का मानसिक दबाव इस सामूहिक आत्मघाती कदम की वजह बना।
हर एंगल से हो रही जांच पड़ताल...
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन की भूमिका, कथित ऑनलाइन गेम की लत, पारिवारिक विवाद और पूर्व में हुई मौत—सभी बिंदुओं को गंभीरता से लिया गया है। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल तीनों बहनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों और समाज के सामने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और डिजिटल लत जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0 Comments