रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में सराय अकिल थाना क्षेत्र के ग्राम छेकवा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में स्नान करने गए पांच किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन को मछुआरों ने रेस्क्यू कर सकुशल बचा लिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर ग्राम छेकवा निवासी पांच किशोर घर के पास स्थित यमुना नदी में नहाने गए थे। स्नान के दौरान सभी गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगे। इस दौरान आर्यन (11) पुत्र अमर सिंह, रोबिन सिंह (14) पुत्र राजकुमार और मोहम्मद हसन (12) पुत्र वसीम अहमद किसी तरह बाहर निकल आए। घाट पर मौजूद नाविकों और मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि कुलदीप विश्वकर्मा (16) पुत्र देवनारायण निवासी छेकवा और शिवम पुत्र अज्ञात निवासी नगोद (मध्य प्रदेश) गहरे पानी में बह गए। साथियों की सूचना पर गांव के लोग, परिजन और सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मछुआरों व गोताखोरों ने जाल डालकर करीब दो घंटे तक खोजबीन की, जिसके बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बरामद किए गए।
शव बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 Comments