Ticker

6/recent/ticker-posts

ठेला लगाने को लेकर हुई मारपीट, वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज‌ : जनपद के थाना पूरामुफ्ती क्षेत्र में रविवार को देशी शराब की दुकान के समीप मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। थाना से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित ठेका देशी शराब की दुकान के बगल रास्ते पर मोहल्ले की रहने वाली पूजा देवी पत्नी हिमांशु यादव ठेला लगाती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी बात को लेकर उनका एक अज्ञात व्यक्ति से विवाद और गाली-गलौज हो रहा था। इसी दौरान पास के ही मोहल्ले का रहने वाला जितू नामक युवक वहां से गुजर रहा था। मौके पर हो रही कहासुनी और मारपीट को देख उसने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनते देख ठेला लगा रही महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति आक्रोशित हो गए और जितू पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

घटना स्थल पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक लाठी-डंडे चलने लगे और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते रहे। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं और कुछ लोग लहूलुहान हो गए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और आपसी विवाद के चलते घटना हुई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पूरामुफ्ती में एनसीआर दर्ज कर लिया गया है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस का कहना है कि मौके पर स्थिति सामान्य है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

Post a Comment

0 Comments