Ticker

6/recent/ticker-posts

बस की टक्कर से किशोर छात्र की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया चक्का जाम...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


प्रयागराज : जनपद में पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक किशोर छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित परिजनों ने चक्का जाम करने का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार गौसपुर गांव निवासी पवन पटेल पुत्र गया प्रसाद (किशोर छात्र) साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान पूरामुफ्ती थाना के समीप तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पवन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने जीटी रोड पर चक्का जाम करने का प्रयास किया, जिससे चौराहे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा बस चालक की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments