Ticker

6/recent/ticker-posts

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार घायल, लोगों ने पहुंचाया हॉस्पिटल...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


प्रयागराज : जनपद के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एयरफोर्स गेट के समीप जीटी रोड पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मीडिया कर्मियों की मदद से घायल युवक को तत्काल सड़क से उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक घायल युवक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम नर्मदा प्रसाद गौतम पुत्र रामनाथ है जो थाना एयरपोर्ट क्षेत्र के मदारीपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। वह पेशे से जेसीबी चालक है। घटना के समय वह अपनी बाइक से कौशाम्बी जनपद के मोहीउद्दीपुर उमरछा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान एयरफोर्स गेट के पास रोडवेज बस की चपेट में आ गया। लोगों का आरोप है कि हादसे की सूचना के बाद भी स्थानीय थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही 108 एंबुलेंस मौके पर आई। जीटी रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने जीटी रोड पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से रोड पर डिवाइडर बनवाने की आवाज उठाई है। साथ ही सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments