रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत निजामपुर पुरैनी गांव में मंगलवार देर रात एक 18 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर स्थित बाग में आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह गेहूं की सिंचाई करने गए ग्रामीणों ने पेड़ पर युवक को लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में युवक को नीचे उतारकर इलाज के लिए प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान शुभम यादव (18) पुत्र बालचरन यादव के रूप में हुई है। वह बीए का छात्र था और पढ़ाई कर रहा था।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। शुभम के इस कदम के पीछे क्या कारण रहे, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजन भी घटना को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। घटना से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
0 Comments