Ticker

6/recent/ticker-posts

सरसों के खेत में मिला युवक का शव, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद के चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मलाक नगर बिरहिबाद गांव के बाहर ओवरब्रिज के समीप सरसों के खेत में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान बिरहिबाद गांव निवासी पवन विश्वकर्मा (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजाराम के रूप में हुई है। शव खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ा था, जिससे हत्या अथवा किसी अन्य आपराधिक घटना की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रथम दृष्टया शव पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने युवक की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक के अंतिम बार देखे जाने की जानकारी जुटाई जा रही है। चरवा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। युवक की संदिग्ध मौत से गांव और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments