Ticker

6/recent/ticker-posts

सिंचाई से मना करने पर किसान की बेरहमी से पिटाई, तीन लोगों पर आरोप...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : जनपद मेंसंदीपन घाट थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर गांव में खेत की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में दबंगों द्वारा एक किसान की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पीड़ित किसान सुखई रैदास ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित सुखई रैदास के अनुसार, गांव के ही लल्ला, रवि और अजय नामक व्यक्तियों ने उस पर अपने गेहूं के खेत की सिंचाई करने का दबाव बनाया। सुखई ने बताया कि वह उस समय किसी अन्य कार्य में व्यस्त था और सिंचाई के लिए जाने में असमर्थ था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीनों दबंगों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित ने बताया कि वह जिस स्थान पर मजदूरी कर रहा था, वहां उसे 400 रुपये प्रतिदिन मिल रहे थे, जबकि आरोपी उसे केवल 200 रुपये मजदूरी देने की बात कर रहे थे। मजदूरी के इसी विवाद को लेकर आरोपी उससे नाराज थे और जब उसने कम मजदूरी पर काम करने से इनकार किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में सुखई के हाथ में सूजन आ गई और गाल पर भी गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।

मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद घायल किसान ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। संदीपन घाट थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना ने मजदूरों के शोषण और कम मजदूरी को लेकर जबरन काम कराने जैसी समस्याओं को उजागर कर दिया है। पीड़ित किसान न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments